यूपी के सरकारी स्कूलों में होगी 60000 शिक्षकों की भर्ती, युवाओं के पास नौकरी पाने का सुनहरा मौका!

उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक और मौका आया है. प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को दूर करने के लिए एक मेगा भर्ती अभियान शुरू करने की तैयारी में है. राज्य का उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग जल्द ही करीब 60 हजार शिक्षकों के खाली पदों पर सीधी भर्ती करने जा रहा है. ये भर्तियां प्रदेश भर के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए की जा रही है.

ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा पद खाली

विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, इस भर्ती के जरिए सबसे ज्यादा पद ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में भरे जाएंगे. प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर खाली पदों का पूरा ब्यौरा इस तरह है…

  • ग्रामीण क्षेत्र: ग्रामीण इलाकों के बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षकों के 48,000 से अधिक पद खाली पड़े हैं, जिन पर नियुक्ति होनी है.
  • शहरी क्षेत्र: वहीं प्रदेश के शहरी इलाकों के सरकारी स्कूलों की बात करें तो यहां शिक्षकों के 11,508 पद खाली हैं.

भर्ती को लेकर क्या है ताजा अपडेट?

इस बड़ी शिक्षक भर्ती को सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर तेजी से काम चल रहा है. शहरी क्षेत्र के स्कूलों में खाली पड़े सभी 11,508 पदों का पूरा ब्यौर तैयार करके नए शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया गया है.

वहीं दूसरी तरफ, ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में खाली पड़े 48 हजार से ज्यादा पदों का लेखा-जोखा भी लगभग तैयार कर लिया गया है. इसका फाइनल ब्यौरा भी बहुत जल्द आयोग को भेज दिया जाएगा. दोनों क्षेत्रों का पूरा डेटा मिलते ही आयोग की तरफ से भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

बेसिक शिक्षा विभाग की इस तैयारी से साफ है कि आने वाले दिनों में यूपी में युवाओं को रोजगार का एक बड़ा अवसर मिलने जा रहा है, जिससे परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी पूरी तरह दूर हो जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *