गोरखपुर में कलयुगी भाई का खौफनाक कांड, मां के ब्रह्मभोज के खर्चे को लेकर हुआ विवाद, बड़े भाई छोटे भाई मारी गोली

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दुख्द घटना सामने आई है, जहां मां के ब्रह्मभोज (श्राद्ध) के दिन ही एक कलयुगी बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात पिपराईच थाना क्षेत्र के रतवैया इलाके की है। घर में मां की मृत्यु का शोक था और सभी रिश्तेदार व परिजन दुख में शामिल होने के लिए इकट्ठा हुए थे, लेकिन किसे पता था कि यह शोक जल्द ही एक और बड़े मातम में बदल जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, मां के ब्रह्मभोज के आयोजन और उसमें होने वाले खर्च के बंटवारे को लेकर बड़े भाई दुर्गविजय और छोटे भाई शुभम के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में तमतमाए बड़े भाई दुर्गविजय ने तमंचा निकालकर शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से शुभम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही एसपी नॉर्थ (SP North) और पिपराईच थाना अध्यक्ष (SHO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *